फर्जी जाति प्रमाणपत्र से नौकरी पाने का मामला, देहरादून में शिक्षिका पर मुकदमा दर्ज
देहरादून के डोईवाला क्षेत्र में फर्जी जाति प्रमाणपत्र के आधार पर सरकारी नौकरी पाने का मामला सामने आया है। इस प्रकरण में सहायक शिक्षिका के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, जॉलीग्रांट प्रथम स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में तैनात शिक्षिका सीमा देवी पर अनुसूचित जाति का फर्जी प्रमाणपत्र लगाकर नौकरी हासिल करने का आरोप है। शिकायत मिलने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले की जांच कराई, जिसमें प्रमाणपत्र को अमान्य पाया गया।
जांच पूरी होने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने तत्काल प्रभाव से शिक्षिका की सेवाएं समाप्त करने के आदेश दिए। विभागीय जांच में यह भी सामने आया कि उनकी नियुक्ति 8 अगस्त 2013 को अनुसूचित जाति वर्ग के अंतर्गत हुई थी।
उप शिक्षा अधिकारी ने बताया कि दस्तावेजों का आधिकारिक अभिलेखों से सत्यापन किया गया, जिसमें प्रमाणपत्र फर्जी पाया गया। इसके आधार पर नियुक्ति को निरस्त कर दिया गया।
इसे भी पढ़ें – बदरीनाथ धाम पहुंचे उद्धव और कुबेर की प्रतिमाएं, कल खुलेंगे मंदिर के कपाट
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर मामले में शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी ने पुष्टि की है कि मामले की जांच जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

