गदरपुर थाने में भैंस चोरी से परेशान पशुपालक ने खाया जहर, पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल
ऊधम सिंह नगर के गदरपुर थाने में मंगलवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जब भैंस चोरी के मामले में कार्रवाई से असंतुष्ट एक पशुपालक ने कथित तौर पर थाना परिसर में ही जहरीला पदार्थ खा लिया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, बमनपुरी गांव निवासी राजेंद्र सिंह की तीन भैंसें कुछ समय पहले चोरी हो गई थीं। पुलिस ने मामले में कुछ आरोपियों की गिरफ्तारी और एक वाहन बरामद करने का दावा किया था, लेकिन राजेंद्र सिंह का आरोप था कि मामले की जांच अधूरी है और उन्हें अब तक न्याय नहीं मिला।
मंगलवार को राजेंद्र सिंह गदरपुर थाने पहुंचे और कथित तौर पर वहीं जहरीला पदार्थ खा लिया। उनकी हालत बिगड़ने पर पुलिसकर्मियों ने उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल पहुंचाया। गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
राजेंद्र सिंह ने पहले भी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को शिकायतें भेजकर मामले की जांच में अनियमितताओं का आरोप लगाया था। उनका कहना था कि चोरी में शामिल लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई और उन पर समझौते का दबाव बनाया गया।
उन्होंने जांच के दौरान साक्ष्यों और आरोपियों के साथ बरते गए तरीके पर भी सवाल उठाए थे। लंबे समय से मामले का समाधान नहीं होने से वह लगातार परेशान चल रहे थे।
इसे भी पढ़ें – पौड़ी में चारा लेने गई महिला पर गुलदार का हमला, मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश
थाना परिसर में जहर खाने की घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली और जन शिकायतों के निस्तारण को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने भैंस चोरी के मामले और घटना की परिस्थितियों की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
