पौड़ी में चारा लेने गई महिला पर गुलदार का हमला, मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश
पौड़ी जिले के कोट ब्लॉक अंतर्गत सितोनस्यूं पट्टी के वडियूं गांव में गुलदार के हमले में एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार महिला मंगलवार को घर से करीब 200 मीटर दूर चारा लेने गई थी। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे गुलदार ने उस पर हमला कर दिया। लंबे समय तक महिला के घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान महिला का शव घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक परित्यक्त ढांचे के पास मिला। ग्रामीणों ने शव के निकट गुलदार को भी देखा, जिसके बाद शोर मचाने पर वह जंगल की ओर भाग गया।
घटना से गांव और आसपास के क्षेत्रों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में लंबे समय से गुलदार की गतिविधियां देखी जा रही थीं और इसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों को भी दी गई थी, लेकिन प्रभावी कदम नहीं उठाए गए। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। विभाग ने लोगों से जंगल या सुनसान क्षेत्रों में अकेले न जाने और सतर्क रहने की अपील की है।
वन अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जांच रिपोर्ट और क्षेत्र की स्थिति के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं ग्रामीणों ने प्रभावित परिवार को मुआवजा देने और गुलदार के आतंक से राहत दिलाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
