हेमकुंड साहिब यात्रा से पहले मार्ग साफ, सेना और सेवदारों ने संभाली जिम्मेदारी
हेमकुंड साहिब के कपाट खुलने से पहले सेना के जवानों और गुरुद्वारा सेवदारों की टीम ने बर्फ हटाकर मार्ग को साफ कर लिया है। स्थल पर पहुंचने के बाद टीम ने सबसे पहले गुरुद्वारे में अरदास की और इसके बाद आगे की तैयारियों में जुट गई।
अब यह टीम वहीं रुककर मार्ग से शेष बर्फ हटाने का कार्य जारी रखेगी, ताकि श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। हेमकुंड साहिब यात्रा 23 मई से शुरू होनी है, जिसके लिए पहले ही व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
इस कार्य के लिए 418 स्वतंत्र फील्ड कंपनी और नौवीं माउंटेन ब्रिगेड के जवानों के साथ गुरुद्वारा सेवदारों की टीम पहले ही रवाना हो गई थी। टीम ने अटलाकोटी के पास प्रमुख बर्फीले अवरोध को पार करते हुए हेमकुंड साहिब तक पहुंच बनाई।
इसे भी पढ़ें – केदारनाथ धाम में 7 फीट ऊंची बैरिकेडिंग की तैयारी, भीड़ नियंत्रण पर फोकस
गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने बताया कि जवान और सेवदार कठिन परिस्थितियों में लगातार काम कर रहे हैं। पिछले दो दिनों में क्षेत्र में बर्फबारी भी हुई है, लेकिन इसके बावजूद मार्ग को पूरी तरह साफ करने के प्रयास जारी हैं।

