केदारनाथ धाम में 7 फीट ऊंची बैरिकेडिंग की तैयारी, भीड़ नियंत्रण पर फोकस

केदारनाथ धाम में 7 फीट ऊंची बैरिकेडिंग की तैयारी, भीड़ नियंत्रण पर फोकस

केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति ने मंदिर परिसर के चारों ओर करीब 7 फीट ऊंची बैरिकेडिंग लगाने की योजना बनाई है। इस प्रस्ताव को गढ़वाल आयुक्त के पास स्वीकृति के लिए भेजा गया है।

समिति के अनुसार इस कदम का उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना, श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुव्यवस्थित करना और मंदिर की पवित्रता बनाए रखना है। योजना के तहत केवल दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को निर्धारित मार्ग से प्रवेश दिया जाएगा, जिससे अनावश्यक आवाजाही पर रोक लग सके।

इसके बावजूद मंदिर परिसर में कुछ लोग नियमों की अनदेखी करते हुए वीडियो और रील बनाने की कोशिश कर रहे हैं। प्रशासन पहले ही परिसर में वीडियोग्राफी और रील बनाने पर प्रतिबंध लगा चुका है, लेकिन इसे पूरी तरह लागू कराना चुनौती बना हुआ है।

अधिकारियों का कहना है कि वर्तमान में धाम में श्रद्धालुओं की संख्या निर्धारित क्षमता से अधिक हो रही है। प्रतिदिन करीब 15 हजार श्रद्धालुओं को संभालना उपयुक्त माना जाता है, लेकिन बढ़ती भीड़ के कारण लंबी कतारें लग रही हैं और आवास व भोजन जैसी मूल सुविधाओं पर दबाव बढ़ रहा है।

इसे भी पढ़ें – लाटू देवता मंदिर के कपाट छह माह के लिए खुले, पुजारी ने आंखों पर पट्टी बांधकर की पूजा

मुख्य नोडल अधिकारी केदारनाथ राजन नाथानी ने बताया कि बैरिकेडिंग का प्रस्ताव स्वीकृति के लिए भेजा गया है और अनुमति मिलते ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे मंदिर परिसर में अनावश्यक गतिविधियों पर नियंत्रण लगेगा और व्यवस्था बेहतर होगी।

Saurabh Negi

Share