गंगोत्री धाम जा रही दिल्ली के श्रद्धालुओं की कार नाले में गिरी, मासूम समेत चार घायल
उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री धाम के दर्शन के लिए जा रहे दिल्ली के श्रद्धालुओं की कार सोमवार सुबह दुर्घटनाग्रस्त हो गई। धराली के पास गंगोत्री हाईवे पर कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाले में गिर गई, जिससे पांच वर्षीय बच्चे समेत चार लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 9:15 बजे धराली क्षेत्र में हुआ। कार में सवार सभी लोग गंगोत्री धाम की यात्रा पर जा रहे थे। अचानक वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और कार सड़क से नीचे नाले में जा गिरी।
घायलों की पहचान पश्चिमी दिल्ली के द्वारका निवासी अनुराग सक्सेना (33), उनकी पत्नी बरखा सक्सेना (33), पुत्र अव्युक्त (5) और प्रतिमा सक्सेना (56) के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए हर्षिल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। अधिकारियों के अनुसार सभी को मामूली चोटें आई हैं और उनका इलाज चल रहा है।
यह दुर्घटना धराली के उस संवेदनशील हिस्से के पास हुई, जहां पिछले वर्ष आई आपदा के दौरान करीब 300 मीटर सड़क मलबे में दब गई थी। वर्तमान में उसी मलबे के ऊपर बनाए गए वैकल्पिक अस्थायी मार्ग से चारधाम यात्रा का यातायात संचालित किया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें – गंगोत्री से केदारनाथ जा रही तीर्थयात्रियों की बस टिहरी में पलटी, पांच श्रद्धालु घायल
गौरतलब है कि गंगोत्री हाईवे पर हाल के दिनों में यह दूसरी सड़क दुर्घटना है। इससे पहले 29 मई को हेलगुगाड़ के पास भी एक कार हादसा हुआ था। प्रशासन ने चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से पर्वतीय मार्गों पर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। खासकर उन क्षेत्रों में सतर्कता रखने को कहा गया है जो पूर्व की आपदाओं से प्रभावित रहे हैं।
