काशीपुर में शादी की तैयारी के बीच खूनी हमला, गाड़ी हटाने के विवाद में बुजुर्ग की मौत
ऊधम सिंह नगर के काशीपुर क्षेत्र स्थित महुआखेड़ागंज में गाड़ी हटाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दबंगों द्वारा किए गए हमले में गंभीर रूप से घायल 70 वर्षीय अफजल अहमद की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना में परिवार के पांच अन्य सदस्य भी घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, महुआखेड़ागंज नगर पंचायत के मोहल्ला जामा मस्जिद निवासी अफजल अहमद के घर नौ जून को उनकी दो भतीजियों की शादी होनी है। शादी का सामान उतारने के लिए उन्होंने पड़ोसी से घर के सामने खड़ी स्कॉर्पियो हटाने को कहा था। आरोप है कि इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया और गाली-गलौज होने लगी।
बताया गया कि शनिवार रात करीब 11:30 बजे आरोपितों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से पूरे परिवार पर हमला कर दिया। हमले में अफजल अहमद के सिर पर गंभीर चोट लगी। उनके अलावा कासम अली, अनीस अहमद, रिजवान, फुरकान और मसीतन भी घायल हो गए।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। अफजल अहमद की हालत गंभीर होने पर उन्हें ऋषिकेश एम्स रेफर किया गया, जहां रविवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया।
सूचना मिलने पर पैगा चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चौकी प्रभारी जसविंदर सिंह ने बताया कि मामले के आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस को तहरीर नहीं मिली थी।
घटना के बाद महुआखेड़ागंज के चेयरमैन रिजवान अहमद अस्पताल पहुंचे और मृतक के परिजनों से मुलाकात की। मृतक अपने पीछे पत्नी खातून और चार पुत्र असलम, अकरम, मुकर्रम तथा आकिल को छोड़ गए हैं। शादी की खुशियां मातम में बदलने वाली इस घटना ने क्षेत्र में कानून व्यवस्था और आपसी विवादों के हिंसक रूप लेने पर चिंता बढ़ा दी है।
