केदारनाथ धाम में तोड़फोड़, अज्ञात लोगों पर सार्वजनिक संपत्ति नुकसान का मुकदमा दर्ज

केदारनाथ धाम में तोड़फोड़, अज्ञात लोगों पर सार्वजनिक संपत्ति नुकसान का मुकदमा दर्ज

केदारनाथ धाम में सार्वजनिक सुविधाओं में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। इस संबंध में सोनप्रयाग थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना ने चल रही यात्रा व्यवस्थाओं के बीच प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।

मामले की शिकायत सुलभ इंटरनेशनल के पर्यवेक्षक मिंटू पाठक ने दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। शिकायत के अनुसार केदारनाथ सेक्टर, हेलीपैड क्षेत्र और घोड़ा पड़ाव जोन में स्थापित सार्वजनिक शौचालयों को नुकसान पहुंचाया गया।

जांच में केदारनाथ धाम के बाजार क्षेत्र, लोक निर्माण विभाग कार्यालय के पीछे, पंजाब सिंध भवन के पास और बेस कैंप क्षेत्र में कुल पांच दरवाजे टूटे पाए गए। इसके अलावा कई स्थानों पर नल और फ्लश टैंक भी क्षतिग्रस्त मिले, जिससे श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाएं प्रभावित हुई हैं।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम, 1984 की धारा 3 के तहत अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

इसे भी पढ़ें – दुकान टूटने के बाद 5 साल बेरोजगारी का दावा, देहरादून के व्यापारी ने मांगा 30 लाख मुआवजा

रुद्रप्रयाग पुलिस ने सख्त चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि यात्रा की पवित्रता भंग करने या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से यात्रा व्यवस्थाएं बनाए रखने में सहयोग की अपील भी की है।

Saurabh Negi

Share