पंतनगर विश्वविद्यालय को मिला नया कुलपति, प्रो. शिवेंद्र कश्यप की नियुक्ति
देहरादून से जारी आदेश के तहत गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर के नए कुलपति के रूप में प्रोफेसर शिवेंद्र कुमार कश्यप की नियुक्ति की गई है। यह नियुक्ति राजभवन की ओर से राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) द्वारा की गई है।
प्रो. कश्यप का कार्यकाल पदभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष का होगा या 70 वर्ष की आयु पूर्ण होने तक, अथवा अगले आदेश तक, जो भी पहले हो। वर्तमान में वे पंतनगर विश्वविद्यालय के कृषि महाविद्यालय में कार्यरत हैं और वर्ष 2019 से विश्वविद्यालय की रैंकिंग टीम के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
कृषि शिक्षा के क्षेत्र में प्रो. कश्यप एक प्रतिष्ठित शिक्षाविद् माने जाते हैं। उन्हें इस क्षेत्र में योगदान के लिए आईसीएआर का सर्वश्रेष्ठ शिक्षक पुरस्कार भी मिल चुका है। अपने करियर में उन्होंने प्रोफेसर, कृषि संचार विभागाध्यक्ष, कृषि महाविद्यालय के डीन और विभिन्न परियोजनाओं में प्रमुख अन्वेषक जैसे कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है।
उन्होंने विश्व बैंक पोषित परियोजनाओं और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की योजनाओं में भी अहम भूमिका निभाई है। इसके अलावा, शिक्षा मंत्रालय के राष्ट्रीय स्तर के नेतृत्व कार्यक्रम के तहत उन्हें हैदराबाद विश्वविद्यालय और ऑस्ट्रेलिया के मोनाश विश्वविद्यालय में प्रशिक्षण का अवसर मिला।
उनके नेतृत्व में वर्ष 2019 से विश्वविद्यालय ने आईसीएआर रैंकिंग में राज्य कृषि विश्वविद्यालयों में शीर्ष स्थान हासिल किया और राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी स्थिति में सुधार किया।

