केदारनाथ में वीआईपी दर्शन व्यवस्था बदली, अब बीकेटीसी जारी करेगा 1100 रुपये की विशेष पर्ची

केदारनाथ में वीआईपी दर्शन व्यवस्था बदली, अब बीकेटीसी जारी करेगा 1100 रुपये की विशेष पर्ची

केदारनाथ धाम में वीआईपी दर्शन को लेकर नई व्यवस्था लागू की गई है। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति ने वीआईपी दर्शन के लिए संशोधित एसओपी जारी कर दी है। नए नियम के तहत अब विशेष दर्शन पर्ची मंदिर समिति की ओर से जारी की जाएगी। इसके लिए प्रति व्यक्ति 1100 रुपये का योगदान देना होगा। मंदिर समिति के अनुसार, यह फैसला केदारनाथ में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या और स्थानीय स्तर पर मिले सुझावों को देखते हुए लिया गया है। नई व्यवस्था का उद्देश्य आम श्रद्धालुओं पर वीआईपी मूवमेंट का असर कम करना और दर्शन प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाना है।

बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी सोहन रांगड़ की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि विशेष दर्शन पर्ची केवल राज्य सरकार से प्राप्त प्रोटोकॉल सूचना के आधार पर ही जारी होगी। यह सूचना जिला प्रशासन या मंदिर समिति के माध्यम से प्राप्त की जाएगी।

निर्धारित शुल्क जमा करने के बाद श्रद्धालुओं को आधिकारिक रसीद दी जाएगी। मंदिर समिति ने साफ किया है कि राज्य अतिथि और उनके परिवार के सदस्यों को इस शुल्क से छूट मिलेगी। समिति ने यह भी चेतावनी दी है कि संशोधित एसओपी का उल्लंघन करने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

इसे भी पढ़ें – पिथौरागढ़ में कहर बनी ओलावृष्टि, 200 ग्राम तक के ओलों ने तोड़े वाहनों के शीशे

दरअसल, केदारनाथ मंदिर के वीआईपी प्रवेश मार्ग पर लगातार भीड़ बढ़ने की शिकायतें सामने आ रही थीं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जमा होने से धक्का-मुक्की और अव्यवस्था की स्थिति बन रही थी। मंदिर समिति को उम्मीद है कि नई व्यवस्था से दर्शन प्रक्रिया अधिक सुचारु होगी और भीड़ प्रबंधन में मदद मिलेगी।

Saurabh Negi

Share