दो साल में उत्तराखंड की सौर क्षमता में 10 गुना बढ़ोतरी

दो साल में उत्तराखंड की सौर क्षमता में 10 गुना बढ़ोतरी

उत्तराखंड में सौर ऊर्जा क्षेत्र में पिछले दो वर्षों में तेज वृद्धि दर्ज की गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य की सौर ऊर्जा क्षमता में इस अवधि के दौरान दस गुना बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने यह बात देहरादून स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में काउंसिल ऑन एनर्जी, एनवायरनमेंट एंड वाटर द्वारा तैयार सौर जागरूकता पुस्तिका के लोकार्पण कार्यक्रम में कही।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में लगभग 290 मेगावाट आवासीय रूफटॉप सौर क्षमता स्थापित की जा चुकी है। उन्होंने इसे ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा कदम बताया। धामी ने कहा कि स्वच्छ और सतत ऊर्जा को बढ़ावा देने के प्रयासों में यह उपलब्धि महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, राज्य सरकार ने 40 हजार रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने का लक्ष्य रखा था। इसमें करीब 95 प्रतिशत कार्य तय समय से पहले पूरा कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पीएम सूर्य घर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से उत्तराखंड देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हुआ है। धामी ने यूपीसीएल, यूरेडा, क्षेत्रीय अधिकारियों और अभियान से जुड़े अन्य विभागों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता टीम उत्तराखंड की सामूहिक प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल सोलर पैनल लगाना नहीं है, बल्कि लोगों को स्वच्छ ऊर्जा अभियान का सक्रिय भागीदार बनाना भी है। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा के बढ़ते उपयोग से घरेलू बिजली खर्च कम होगा और पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन, ऊर्जा सुरक्षा और पर्यावरणीय चुनौतियों के बीच अक्षय ऊर्जा की जरूरत पहले से अधिक बढ़ गई है। सौर ऊर्जा अब केवल विकल्प नहीं, बल्कि भविष्य की आवश्यकता बन चुकी है।

मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और पीएम सूर्य घर योजना को दिया। उन्होंने सोलर कौथिग, नुक्कड़ नाटक और प्रशिक्षण कार्यक्रमों जैसी जागरूकता गतिविधियों की भी सराहना की।

इसे भी पढ़ें – केदारनाथ में वीआईपी दर्शन व्यवस्था बदली, अब बीकेटीसी जारी करेगा 1100 रुपये की विशेष पर्ची

कार्यक्रम में विधायक सुरेश गड़िया, मुख्य सचिव स्तर के अधिकारी, ऊर्जा विभाग के प्रतिनिधि और सीईईडब्ल्यू, यूपीसीएल तथा पिटकुल के वरिष्ठ सदस्य मौजूद रहे।

Saurabh Negi

Share