पिथौरागढ़ में कहर बनी ओलावृष्टि, 200 ग्राम तक के ओलों ने तोड़े वाहनों के शीशे

पिथौरागढ़ में कहर बनी ओलावृष्टि, 200 ग्राम तक के ओलों ने तोड़े वाहनों के शीशे

पिथौरागढ़ में गुरुवार अपराह्न मौसम ने अचानक करवट बदल ली। जिला मुख्यालय समेत आसपास के क्षेत्रों में हुई भारी ओलावृष्टि ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। आसमान से 100 से 200 ग्राम तक वजन वाले बड़े ओले गिरने से लोगों में दहशत फैल गई।

ओलावृष्टि से फलों, सब्जियों और अन्य फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। कई वाहनों के शीशे और हेडलाइट टूट गए। कुछ मकानों की खिड़कियों के शीशे भी चटक गए। अचानक शुरू हुई तेज ओलावृष्टि के कारण लोग घरों और दुकानों में छिपने को मजबूर हो गए।

जिला मुख्यालय में सड़कों पर चल रहे और खड़े वाहनों को सबसे अधिक नुकसान हुआ। बाजार में खुले में दुकान लगाए बैठे दुकानदार अपना सामान तक नहीं समेट सके। इससे काफी सामान खराब हो गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले डेढ़ महीने में कई बार ओलावृष्टि हुई है, लेकिन गुरुवार की घटना सबसे ज्यादा भयावह रही। बड़े आकार के ओले गोलियों की तरह तेजी से गिरे। इससे कुछ देर के लिए बाजार और सड़कें पूरी तरह सुनसान हो गईं।

इसे भी पढ़ें – ऋषिकेश में गंगा स्नान के दौरान मेरठ के दो पर्यटक बहे, एसडीआरएफ का सर्च अभियान जारी

लगातार बदल रहा मौसम अब किसानों और आम लोगों के लिए चिंता का कारण बनता जा रहा है। बार-बार हो रही ओलावृष्टि से खेती और स्थानीय कारोबार पर भी असर पड़ रहा है।

Saurabh Negi

Share