चिरबासा के पास मलबा गिरने से केदारनाथ पैदल मार्ग बंद, गौरीकुंड से आवाजाही रोकी

चिरबासा के पास मलबा गिरने से केदारनाथ पैदल मार्ग बंद, गौरीकुंड से आवाजाही रोकी

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम जाने वाला पैदल मार्ग चिरबासा के पास मलबा और पत्थर गिरने से बाधित हो गया है। चिरबासा हेलीपैड के पास पहाड़ी से मलबा गिरने के बाद यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए गौरीकुंड से केदारनाथ धाम की ओर पैदल आवाजाही रोक दी गई है।

केदारनाथ की ओर जाने वाले यात्रियों को मार्ग साफ होने तक सुरक्षित स्थानों पर रोका गया है। इससे पैदल केदारनाथ धाम जा रहे श्रद्धालुओं की आवाजाही अस्थायी रूप से प्रभावित हुई है।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि चिरबासा के पास पैदल मार्ग पर मलबा और पत्थर गिरने से रास्ता बाधित हुआ है। मलबा और पत्थर हटाने के लिए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की टीम मौके पर तैनात की गई है।

उन्होंने बताया कि मार्ग की स्थिति सुरक्षित और सामान्य पाए जाने के बाद ही पैदल आवाजाही शुरू की जाएगी। आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर लगातार स्थिति की निगरानी कर रही हैं।

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र भी संबंधित टीमों के साथ समन्वय कर रहा है। अधिकारियों के अनुसार, मार्ग बहाल होने और केदारनाथ यात्रा दोबारा शुरू करने की अनुमति मिलने के बाद अलग से सूचना जारी की जाएगी।

Saurabh Negi

Share