बारिश और कड़ाके की ठंड से केदारनाथ यात्रा प्रभावित, 5 हजार से अधिक हेलीकॉप्टर टिकट रद्द
केदारनाथ धाम में लगातार हो रही बारिश और खराब मौसम ने श्रद्धालुओं की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। प्रतिकूल मौसम के कारण हेलीकॉप्टर सेवाएं बार-बार बाधित हो रही हैं, जबकि पैदल यात्रा मार्ग भी फिसलन भरा और जोखिमपूर्ण बन गया है। अधिकारियों के अनुसार, खराब मौसम के चलते अब तक 5 हजार से अधिक हेलीकॉप्टर टिकट रद्द किए जा चुके हैं। हेलीकॉप्टर से दर्शन की योजना बनाकर पहुंचे कई श्रद्धालुओं को बिना दर्शन किए वापस लौटना पड़ा है, क्योंकि वे पैदल यात्रा करने में सक्षम नहीं थे।
बारिश के कारण केदारनाथ पैदल मार्ग पर कई स्थानों पर फिसलन बढ़ गई है। इसके साथ ही पहाड़ियों से पत्थर और मलबा गिरने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। इससे संवेदनशील क्षेत्रों में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है। घोड़ा-खच्चर संचालन भी प्रभावित हुआ है। फिसलन के कारण कई स्थानों पर जानवरों का संतुलन बिगड़ने की घटनाएं सामने आई हैं। इसके चलते कई श्रद्धालु घोड़ा-खच्चर सेवा का उपयोग करने से भी बच रहे हैं।
केदारनाथ में तापमान शून्य से नीचे पहुंचने से ठंड और बढ़ गई है। बारिश और ठंड के कारण कई श्रद्धालुओं, खासकर बुजुर्गों और बच्चों की तबीयत प्रभावित हो रही है। स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के मामले भी सामने आ रहे हैं।जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी एन.एस. राजवार ने बताया कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और मौसम की लगातार निगरानी की जा रही है। संवेदनशील स्थानों पर आवश्यकता पड़ने पर यात्रियों को सुरक्षित जगहों पर रोका भी जा रहा है।
इसे भी पढ़ें – मई के आखिरी दिन बागेश्वर की चोटियों पर बर्फबारी, मौसम के बदले मिजाज ने बढ़ाई चिंता
खराब मौसम के बावजूद केदारनाथ जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बनी हुई है। प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले मौसम की जानकारी लेने और सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
