थानो क्षेत्र में अवैध निर्माण के आरोप वाली जामा मस्जिद सील, सुरक्षा के बीच हुई कार्रवाई
देहरादून जिले के डोईवाला ब्लॉक की कुड़ियाल ग्राम पंचायत स्थित कंडोगल-थानो मार्ग पर बनी जामा मस्जिद को रविवार को मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने सील कर दिया। कार्रवाई पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई।
यह मस्जिद पिछले कई महीनों से विवाद का विषय बनी हुई थी। विभिन्न हिंदू संगठनों ने आरोप लगाया था कि इसका निर्माण बिना आवश्यक अनुमति के किया गया है और इस पर कार्रवाई की मांग की जा रही थी। एमडीडीए ने एक जून को सीलिंग की अंतिम तिथि निर्धारित की थी।
निर्धारित कार्रवाई को देखते हुए सुबह से ही क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। बजरंग दल और अन्य संगठनों के सदस्य भी थानो क्षेत्र में जुटने लगे थे। हालांकि प्रशासन ने सुबह ही सीलिंग की प्रक्रिया पूरी कर ली, जिससे किसी प्रकार की टकराव की स्थिति नहीं बनी।
कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार राजेंद्र सिंह रावत, रानीपोखरी थाने के वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवीन डंगवाल और एमडीडीए के अधिकारी मौजूद रहे। पूरे क्षेत्र में पुलिस बल तैनात रखा गया ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे।
मस्जिद सील होने के बाद मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों ने इस कार्रवाई पर आपत्ति जताई और इसे एकतरफा बताया। वहीं, कई हिंदू संगठनों के प्रतिनिधियों ने प्रशासनिक कार्रवाई का स्वागत किया और इसे लंबे समय से लंबित मांग पूरी होने की बात कही।
कार्रवाई के बाद कुछ संगठनों के सदस्यों ने थानो चौक के पास हवन भी किया। स्थानीय व्यापारियों ने भी प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान सहयोग किया और मुख्य बाजार दिनभर बंद रहा।
इस बीच क्षेत्र पंचायत सदस्य महिपाल सिंह कृषाली ने आरोप लगाया कि सीलिंग के बाद मस्जिद के पास से गुजरते समय कुछ महिलाओं ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। आरोप सामने आने के बाद कुछ कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखी गई और वे मौके की ओर बढ़ने लगे।
पुलिस और प्रशासन ने तुरंत हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया। अधिकारियों ने कहा कि धमकी संबंधी आरोपों की जांच की जाएगी और तथ्य सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
काली सेना के प्रदेश अध्यक्ष भूपेश जोशी ने कथित धमकी की निंदा करते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। वहीं महिपाल सिंह कृषाली ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और पुलिस को कुछ लोगों के नाम सौंपते हुए सुरक्षा की मांग की।
