चन्द्रबदनी नैखरी परिसर में वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन, विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
चन्द्रबदनी नैखरी परिसर में वार्षिक समारोह का भव्य आयोजन श्रीदेव सुमन उत्तराखण्ड विश्वविद्यालय के चन्द्रबदनी (नैखरी)परिसर,टिहरी गढ़वाल में आज दिनांक 29/04/2026 को प्रभारी निदेशक डॉ महन्थ मौर्य जी की अध्यक्षता में सत्र 2025-26 का वार्षिकोत्सव समारोह बड़े ही उत्साह और उमंग के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जंतु विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. वी. के. रावत उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ।
इसके पश्चात छात्र-छात्राओं द्वारा विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। समूह नृत्य (ग्रुप डांस) और एकल नृत्य (सोलो डांस) ने दर्शकों का मन मोह लिया। इसके साथ ही मेहंदी प्रतियोगिता एवं भाषण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इन कार्यक्रमों में अनामिका, सपना, कशिश, खुशबू, संगीता, दिव्या, किरण,राधा सहित अन्य विद्यार्थियों की प्रस्तुतियां विशेष सराहना का केंद्र रहीं। कार्यक्रम का सफल संचालन राहुल झडल्दियाल द्वारा किया गया, जिनकी सशक्त एवं प्रभावशाली एंकरिंग ने पूरे समारोह को आकर्षक बनाए रखा।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का आधार है। समारोह के दौरान मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे विद्यार्थियों में उत्साह और प्रेरणा का संचार हुआ। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य महोदय ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया तथा छात्रसंघ को इस सफल आयोजन के लिए हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
अंत में कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती सौम्या कबटियाल द्वारा कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी का धन्यवाद ज्ञापन किया गया। समारोह का समापन पुरस्कार वितरण एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। पूरे कार्यक्रम में उत्साह और उल्लास का वातावरण बना रहा।

