नैनीताल: पर्यटकों से भरी टेंपो ट्रैवलर खाई में गिरी, दो की मौत, 20 घायल
नैनीताल: नैनीताल जिले के मल्ला रामगढ़ क्षेत्र में पर्यटकों से भरी टेंपो ट्रैवलर करीब 100 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 लोग घायल हुए हैं। वाहन में हरियाणा के 22 पर्यटक सवार थे। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, टेंपो ट्रैवलर भवाली से मुक्तेश्वर की ओर जा रही थी। मल्ला रामगढ़ में लक्ष्मीखान तिराहे से करीब एक किलोमीटर आगे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी पैरापिट तोड़ते हुए खाई में जा गिरा।
हादसे के बाद खाई से लोगों के चीखने की आवाजें सुनाई दीं। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और बचाव दल को सूचना दी। भवाली पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। स्थानीय लोगों और राष्ट्रीय आपदा प्रतिवादन बल की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकाला गया।
सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामगढ़ पहुंचाया गया। इनमें से 14 घायलों को बेहतर उपचार के लिए उच्च चिकित्सा केंद्रों में भेजा गया।
भवाली क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल ने दो लोगों की मौत की पुष्टि की है। मृतकों में 24 वर्षीय सुमित पाल सिंह, निवासी फरीदाबाद, शामिल हैं। दूसरे मृतक की पहचान शुरुआती कार्रवाई के दौरान नहीं हो सकी थी।
घायल यात्री तुषार यादव ने बताया कि अधिकांश यात्री फरीदाबाद और आसपास के क्षेत्रों के रहने वाले थे। उन्होंने आरोप लगाया कि वाहन तेज गति से चलाया जा रहा था और मोड़ पर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका।
पुलिस के अनुसार हादसे में घायल यात्रियों में मनीष कुमार, नंदिनी, तुषार कुमार, लक्ष्मी, मयंक, प्रदीप कुमार, रितिका, हर्ष वर्मा, पायल, आनंद, अजय, अंजलि और 10 माह की बच्ची मिस्ट्री सहित अन्य लोग शामिल हैं। छह यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं।
इसे भी पढ़ें – चमोली टनल हादसा: दिसंबर 2025 में भी हुआ था बड़ा हादसा, सिल्क्यारा से नहीं ली गई सीख
पुलिस ने चालक यश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है और चालक से पूछताछ की जा रही है।
