पौड़ी के बामथी गांव में आदमखोर गुलदार ढेर, कई दिनों से फैला रखा था आतंक

पौड़ी के बामथी गांव में आदमखोर गुलदार ढेर, कई दिनों से फैला रखा था आतंक

पौड़ी विकासखंड के बामथी गांव में कई दिनों से दहशत का कारण बना आदमखोर गुलदार आखिरकार वन विभाग की शूटर टीम ने मार गिराया। गुरुवार रात घटना स्थल के पास गुलदार को गोली मारकर ढेर किया गया। विभाग ने बताया कि उसे पकड़ने के कई प्रयास विफल होने के बाद यह कदम अंतिम विकल्प के रूप में उठाया गया।

वन अधिकारियों के अनुसार शुक्रवार को गुलदार का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद एनटीए दिशा-निर्देशों के तहत शव का निस्तारण किया गया। इससे पहले 4 मई को इसी क्षेत्र के पास एक मादा गुलदार भी पिंजरे में कैद की गई थी, जिससे ग्रामीणों को कुछ राहत मिली थी।

मामला 23 अप्रैल को सामने आया था, जब 70 वर्षीय सीता देवी अपने घर के पास खेत में घास काट रही थीं। इसी दौरान गुलदार ने उन पर हमला कर दिया। ग्रामीणों के मुताबिक महिला ने दरांती से हमला कर खुद को बचाने की कोशिश की और शोर मचाया, लेकिन गुलदार उन्हें झाड़ियों में घसीट ले गया, जहां उनकी मौत हो गई।

ग्रामीणों ने दावा किया था कि हमले में दो गुलदार शामिल थे। घटना के बाद वन विभाग ने प्रसिद्ध शिकारी जय हुकिल, विभागीय शूटरों और करीब 20 कर्मियों की टीम को निगरानी के लिए तैनात किया। क्षेत्र में चार पिंजरे, सोलर सीसीटीवी कैमरे, कैमरा ट्रैप और ड्रोन भी लगाए गए थे।

गढ़वाल एसडीओ आयशा बिष्ट ने बताया कि बीते चार दिनों से नर गुलदार लगातार घटना स्थल के आसपास दिखाई दे रहा था। विभाग ने पहले उसे पिंजरे में कैद करने और बेहोश करने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।

इसे भी पढ़ें – ऊधमसिंह नगर में धर्मांतरण जांच तेज, प्रशासन ने गठित की दो समितियां

उन्होंने बताया कि गुरुवार रात करीब 9 बजे अंतिम विकल्प के रूप में गुलदार को मार गिराया गया। अधिकारियों के अनुसार गुलदार की उम्र लगभग आठ वर्ष थी और उसके एक पैर में चोट भी थी।

Saurabh Negi

Share