हल्द्वानी में पुलिस ने चलाया सर्च ऑपरेशन, पांच गिरफ्तार, 60 से ज्यादा हिरासत में

हल्द्वानी में पुलिस ने चलाया सर्च ऑपरेशन, पांच गिरफ्तार, 60 से ज्यादा हिरासत में

बनभूलपुरा के हिंसाग्रस्त क्षेत्र में पुलिस ने भारी फोर्स के साथ सर्च ऑपरेशन चलाया और दो निवर्तमान पार्षद समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक भाजपा से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस ने 60 से अधिक लोगों को भी हिरासत में लिया है। प्रभावित इलाकों को छोड़कर शहर के शेष हिस्से से कर्फ्यू हटा लिया गया है। मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश देते हुए कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत से रिपोर्ट 15 दिन में तलब की है। आठ फरवरी को बनभूलपुरा के मलिक का बगीचा क्षेत्र में अवैध मदरसा और धार्मिक स्थल ढहाने के दौरान हुई हिंसा में 150 पुलिसकर्मियों और निगमकर्मियों समेत 300 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।

उपद्रवियों की ओर से किए जा रहे पथराव के बीच नगर निगम टीम को अतिक्रमण ढहाने का अभियान बीच में छोड़कर भागना पड़ा था। इस बीच, उपद्रवियों ने बनभूलपुरा थाने में आग लगा दी थी। थाने में मौजूद लोगों को पुलिस की टीम ने हवाई फायरिंग करके भगाया लेकिन इस बीच थाने का सारा रिकॉर्ड और कंप्यूटर तक जल गए। एसएसपी प्रह्लाद नारायण मीणा ने बताया कि इस मामले में निवर्तमान पार्षद महबूब आलम, निवर्तमान पार्षद जीशान, सपा नेता अरशद अयूब, असलम चौधरी और सपा नेता अब्दुल मतीन सिद्दीकी के भाई जावेद सिद्दीकी को गिरफ्तार किया गया है। ये पांचों बनभूलपुरा क्षेत्र के हैं। गिरफ्तार लोगों में शामिल महबूब आलम को भाजपा से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट का कहना है कि जब से वह जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा रहे हैं तब से उन्होंने आलम को पार्टी में सक्रिय नहीं देखा है। ना ही उसके पास कोई दायित्व रहा है।

पुलिस, प्रशासन की टीम ने सर्च आपरेशन चलाया। पूरे क्षेत्र में वर्तमान में शांति बनी हुई है। सभी लोग फोर्स की मौजूदगी में घरों में कैद हैं। डीएम वंदना ने बताया कि संपूर्ण बनभूलपुरा क्षेत्र आर्मी (कैंट) वर्कशॉप लाइन, तिकोनिया- तीनपानी गौलापार बाईपास का क्षेत्र छोड़कर पूरे शहर को कर्फ्यू मुक्त कर दिया गया है। कर्फ्यूग्रस्त क्षेत्रों में प्रशासन की टीम दूध, राशन और दवा पहुंचाने की व्यवस्था कर रही है।

ऋषिकेश: हल्द्वानी दंगे का घायल एम्स में भर्ती

हल्द्वानी के बनभूलपुरा दंगे के एक घायल को उपचार के लिए एम्स में भर्ती किया गया है। उक्त व्यक्ति को दंगे में गोली लग गई थी। घायल एम्स के आकस्मिक विभाग के रेड जोन में भर्ती है। चिकित्सकों का कहना है कि घायल की स्थिति स्थिर है। जिसे यलो जोन में स्थानांतरित कर दिया जाएगा। बनभूलपुरा दंगे के घायल हल्द्वानी निवासी अजय को शनिवार शाम में भर्ती किया गया। अजय को एम्स के लिए रेफर किया गया था। चिकित्सकों के अनुसार गोली लगने से अजय की पेशाब की थेली फट गई थी। फिर उपचार कर पेशाब के लिए रास्ता बनाया गया है।

जेसीबी, क्रेन के साथ फोर्स को देखकर मदरसा ढहाने की उड़ी अफवाह

हल्द्वानी में शनिवार दोपहर बाद नगर निगम की टीम जेसीबी, क्रेन लेकर भारी पुलिस फोर्स के साथ बनभूलपुरा क्षेत्र में घुसी तो लोगों को लगा कि अधूरे छूटे अतिक्रमण विरोधी अभियान को आज ढहाया जाएगा। हालांकि एसएसपी ने साफ किया कि पुलिस ने उपद्रवियों को चिह्नित करने के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया। बता दें कि आठ तारीख को भारी पथराव क बीच नगर निगम और पुलिस टीम को अतिक्रमण ढहाने का अभियान बीच में छोड़कर भागना पड़ा था।

 

Related articles

Leave a Reply

Share