उत्तराखंड की प्रेमा रावत भारतीय टी20 विश्व कप टीम में शामिल, श्रेयंका पाटिल की जगह मिला मौका
बागेश्वर – उत्तराखंड की उभरती महिला क्रिकेटर प्रेमा रावत को आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है। बागेश्वर जिले की इस प्रतिभाशाली स्पिनर को चोटिल ऑफ स्पिनर श्रेयंका पाटिल की जगह टीम में मौका मिला है।
आईसीसी तकनीकी समिति ने भारतीय टीम में प्रेमा रावत को शामिल करने की मंजूरी दे दी है। इसे उत्तराखंड महिला क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है।
बागेश्वर जिले की कपकोट तहसील के सुमटी-बैसानी गांव की रहने वाली प्रेमा रावत दाएं हाथ की बल्लेबाज और लेग स्पिन गेंदबाज हैं। उन्होंने घरेलू क्रिकेट में उत्तराखंड महिला टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए लगातार शानदार प्रदर्शन किया है।
घरेलू टूर्नामेंटों में बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर प्रेमा ने राष्ट्रीय चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा। वर्ष 2023 के सीनियर महिला टी20 टूर्नामेंट में उन्होंने 10 मैचों में 16 विकेट लेकर प्रमुख विकेट लेने वाली गेंदबाजों में जगह बनाई थी।
हाल के वर्षों में प्रेमा ने खुद को देश की उभरती महिला क्रिकेटरों में स्थापित किया है। वह महिला प्रीमियर लीग में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम से भी जुड़ी रहीं। इसके बाद इंडिया ए टीम में मौका मिलने पर भी उन्होंने अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया।
प्रेमा के चयन की खबर मिलते ही बागेश्वर में खुशी का माहौल बन गया। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बागेश्वर के सदस्यों ने एसबीआई तिराहे पर मिठाई बांटकर और पटाखे जलाकर जश्न मनाया।
पूर्व संयुक्त सचिव सुरेश सोनियाल, जिला अध्यक्ष रामचंद्र पांडे, सचिव रमेश दनू, संयुक्त सचिव प्रवीण गढ़िया, रमेश लोहानी, राकेश परिहार, हरीश रावत, कमल बिष्ट, मनोज ओली, विजय गढ़िया, अनुज साह गंगोला और मनोज बछखेती सहित कई लोगों ने प्रेमा को बधाई दी।
इसे भी पढ़ें – हरिद्वार भूमि खरीद घोटाला: पूर्व नगर आयुक्त बर्खास्त, पूर्व डीएम पर कार्रवाई
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने इसे केवल बागेश्वर ही नहीं बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रेमा विश्व मंच पर शानदार प्रदर्शन कर राज्य और देश का नाम रोशन करेंगी।
