टिहरी में संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत, मानसिक रूप से बीमार बेटे पर हत्या का आरोप
टिहरी गढ़वाल: जनपद के जाखणीधार विकासखंड की ग्राम पंचायत कोटी में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला की हत्या का आरोप उसके मानसिक रूप से बीमार बेटे पर लगाया गया है। घटना के बाद से आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार रात की है। बुधवार सुबह जब महिला काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आई और दरवाजा बंद रहा तो परिजनों और आसपास के लोगों को संदेह हुआ। कमरे के भीतर देखने पर महिला मृत अवस्था में मिली।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बैड़ाड़ी जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला के मानसिक रूप से बीमार बेटे पर हत्या का संदेह है। घटना के बाद से वह फरार है। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
