रुद्रपुर में बंद कमरे के भीतर किरायेदार का शव मिला, नाक और मुंह से निकला खून
रुद्रपुर: ट्रांजिट कैंप क्षेत्र की कृष्णा विहार कॉलोनी में बुधवार शाम उस समय सनसनी फैल गई जब एक किरायेदार का शव बंद कमरे के अंदर मिला। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 48 वर्षीय कमलेश चंद्र दुबे के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले का रहने वाला था। वह पिछले कई वर्षों से कृष्णा विहार कॉलोनी में किराये पर रह रहा था। शाम करीब साढ़े छह बजे पुलिस नियंत्रण कक्ष को सूचना मिली कि लंबे समय से कमरे का दरवाजा नहीं खुला है।
सूचना पर उपनिरीक्षक महेश कांडपाल पुलिस टीम और फोरेंसिक इकाई के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर मकान मालिक दीपक पाठक और स्थानीय लोग मौजूद थे। पड़ोसियों ने बताया कि शाम करीब साढ़े पांच बजे उन्होंने लोहे के बंद गेट से अंदर देखा तो कमलेश कमरे के फर्श पर औंधे मुंह पड़ा हुआ दिखाई दिया।
इसके बाद पुलिस ने डायल-112 कर्मियों की मदद से गेट खोलकर अंदर प्रवेश किया। जांच के दौरान मृतक के नाक और मुंह से खून निकलता मिला। उसके बाएं घुटने पर चोट के निशान भी पाए गए। पुलिस ने बताया कि शव से दुर्गंध आ रही थी, जिससे आशंका जताई जा रही है कि मौत कुछ समय पहले हुई होगी।
घटनास्थल से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि कमलेश शराब पीने का आदी था। घटना की सूचना उसकी पत्नी अंजू दुबे और अन्य रिश्तेदारों को दे दी गई है।
इसे भी पढ़ें – निर्जला एकादशी पर हरिद्वार में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, गंगा स्नान कर किया दान-पुण्य
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृत्यु के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है।
