बोर्ड परीक्षाएं नजदीक, एसआईआर ड्यूटी में लगाए गए शिक्षक पढ़ाई पर असर को लेकर चिंतित

बोर्ड परीक्षाएं नजदीक, एसआईआर ड्यूटी में लगाए गए शिक्षक पढ़ाई पर असर को लेकर चिंतित

उत्तराखंड बोर्ड की प्रायोगिक परीक्षाएं नजदीक आने के बीच शिक्षकों की स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) ड्यूटी को लेकर शिक्षा जगत में चिंता सामने आई है। शिक्षकों का कहना है कि इस समय स्कूलों का पूरा ध्यान पाठ्यक्रम पूरा कराने और परीक्षा तैयारी पर होना चाहिए।

राजकीय शिक्षक संघ के पूर्व प्रदेश महामंत्री डॉ. सोहन माजिला ने बताया कि एक ही विद्यालय से तीन से चार शिक्षकों को मतदाता सूची संशोधन से जुड़ी एसआईआर ड्यूटी में लगाया गया है। इससे स्कूलों में शिक्षकों की उपलब्धता प्रभावित हो रही है।

संघ के अनुसार, एक ओर शिक्षकों पर बोर्ड परीक्षार्थियों का शेष पाठ्यक्रम समय पर पूरा कराने का दबाव है, वहीं दूसरी ओर उन्हें गैर-शैक्षणिक कार्यों में लगाया जा रहा है। इससे विद्यालयों के लिए संतुलन बनाना कठिन हो गया है।

शिक्षकों का कहना है कि पूर्व में जारी सरकारी आदेशों में शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त रखने की बात कही गई थी, लेकिन जमीनी स्तर पर इन निर्देशों का पालन नहीं हो रहा है।

इसे भी पढ़ें – देहरादून के सेंट जूड चौक के पास बस में लगी आग, तमिलनाडु के 40 छात्र सुरक्षित निकाले गए

इस विषय पर शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि मामले को संज्ञान में लिया गया है। उन्होंने बताया कि जिला अधिकारियों को निर्देश दिए जाएंगे, ताकि एसआईआर ड्यूटी के कारण छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो। हालांकि, शिक्षकों का कहना है कि परीक्षाओं को देखते हुए इस पर जल्द और स्पष्ट कार्रवाई जरूरी है।

Saurabh Negi

Share