टिहरी में दो दिवसीय वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता का समापन, देवेश और प्रीति बने ऑल ओवर चैंपियन
टिहरी गढ़वाल के चंद्रबदनी नैखरी परिसर में श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय की दो दिवसीय वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता सत्र 2025-26 का शुक्रवार को सफल समापन हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पीटीए अध्यक्ष भीम सिंह पुंडीर उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के तहत 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ सहित कई खेलों का आयोजन किया गया। बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में देवेश राणा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सूरज और नीरज नेगी क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में मानसी प्रथम, ईशा द्वितीय और कशिश तृतीय स्थान पर रहीं।
200 मीटर दौड़ में बालक वर्ग में देवेश राणा ने फिर से पहला स्थान हासिल किया। बालिका वर्ग में अनीशा प्रथम, ईशा द्वितीय और एकता तृतीय स्थान पर रहीं। 400 मीटर दौड़ में बालक वर्ग में सूरज प्रथम, देवेश द्वितीय और रॉबिन तृतीय स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में रवीना प्रथम, मीनाक्षी द्वितीय और कशिश तृतीय स्थान पर रहीं। इसके अलावा पुश-अप्स, भाला फेंक, चक्का फेंक, गोला फेंक, लंबी कूद, खो-खो, कबड्डी, शतरंज और कैरम जैसी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं।
समापन समारोह में बालक वर्ग में देवेश और बालिका वर्ग में प्रीति को ऑल ओवर चैंपियन घोषित किया गया। प्राचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि खेलकूद से शारीरिक विकास के साथ अनुशासन और आत्मविश्वास भी बढ़ता है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया। मुख्य अतिथि भीम सिंह पुंडीर और विशिष्ट अतिथि विनोद पुंडीर ने विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए और छात्रों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अरविंद सिंह राणा और डॉ. सचिन सेमवाल ने किया, जबकि अंत में कार्यक्रम अधिकारी मनीष पंवार ने सभी का आभार व्यक्त किया।
