टिहरी में शिक्षिका का घर जलाने का आरोप, धर्म के आधार पर निशाना बनाने की शिकायत
टिहरी जिले के लंबगांव क्षेत्र में एक निजी विद्यालय की शिक्षिका ने कुछ स्थानीय लोगों पर उनका घर जलाने का आरोप लगाया है। पीड़िता रोबीना ने दावा किया कि उन्हें उनके धर्म के कारण निशाना बनाया गया और इस मामले में स्थानीय स्तर पर उचित कार्रवाई नहीं की गई।
रोबीना के अनुसार, वह पिछले 15 वर्षों से प्रतापनगर क्षेत्र में विद्यालय चला रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोग उनके ईसाई धर्म को लेकर नाराजगी रखते थे, जो 24 अप्रैल की रात हिंसक घटना में बदल गई। शिकायत के मुताबिक, कुछ लोगों ने उनके घर पर हमला कर सामान बाहर फेंक दिया और आग लगा दी, जिससे जरूरी दस्तावेज और घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के दौरान उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। उन्होंने लंबगांव थाने में लिखित शिकायत दी, लेकिन पुलिस की कार्रवाई धीमी और संतोषजनक नहीं होने की बात कही। उनका कहना है कि घटना से जुड़े वीडियो सबूत होने के बावजूद अभी तक सख्त कदम नहीं उठाए गए हैं।
इसके बाद रोबीना ने जिला मुख्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, नुकसान का मुआवजा और सुरक्षित आवास की मांग की।
मामले का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने एसडीएम टिहरी कमलेश मेहता को जांच अधिकारी नियुक्त किया है और जल्द निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं। वहीं प्रशासन ने पीड़िता और उनके दो बच्चों के लिए नई टिहरी स्थित वन स्टॉप सेंटर में अस्थायी ठहरने की व्यवस्था की है।
एसएसपी ने भी मामले की जांच के आदेश दिए हैं। शिकायत के दौरान भीम आर्मी के सदस्य भी मौजूद रहे।

