मुख्यमंत्री धामी ने 11 स्वच्छ ईंधन आधारित वाहनों को दिखाई हरी झंडी, छह लाभार्थियों को सौंपे सब्सिडी चेक
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड क्लीन मोबिलिटी ट्रांजिशन पॉलिसी-2024 के तहत 11 स्वच्छ ईंधन आधारित वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने छह प्राथमिक लाभार्थियों को पूंजीगत अनुदान और प्रोत्साहन सब्सिडी के चेक भी वितरित किए।
कार्यक्रम में परिवहन विभाग ने बताया कि पांच अन्य लाभार्थियों के लिए भी सब्सिडी स्वीकृत करने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह वित्तीय सहायता केवल आर्थिक प्रोत्साहन नहीं, बल्कि उत्तराखंड में स्वच्छ, आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था विकसित करने की राज्य सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस पहल से शहरी क्षेत्रों में स्वच्छ ईंधन आधारित सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा मिलेगा, डीजल चालित वाहनों से होने वाले प्रदूषण में कमी आएगी और पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन आज पूरी दुनिया के सामने एक बड़ी चुनौती है। ऐसे में विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वही विकास सार्थक है, जो प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित करते हुए आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत हरित ऊर्जा और सतत विकास के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने वर्ष 2070 तक शुद्ध शून्य कार्बन उत्सर्जन का लक्ष्य, ‘लाइफ’ (पर्यावरण के लिए जीवनशैली) अभियान, प्रधानमंत्री ई-बस सेवा और सौर ऊर्जा सहित नवीकरणीय ऊर्जा के विस्तार जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि ये पर्यावरण संरक्षण के प्रति देश की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।
