बदरीनाथ से लौट रहे हेलिकॉप्टर की आपात लैंडिंग, घाटी में अचानक बने डाउनड्राफ्ट से टला बड़ा हादसा
उत्तराखंड में बुधवार को बदरीनाथ से लौट रहे एक हेलिकॉप्टर की आपात लैंडिंग करानी पड़ी। घाटी क्षेत्र में अचानक मौसम खराब होने और तेज डाउनड्राफ्ट बनने के कारण यह स्थिति पैदा हुई। समय रहते पायलट की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। युकाड़ा के अनुसार ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का बेल 407 हेलिकॉप्टर नियमित दोधाम चार्टर सेवा पर संचालित हो रहा था। उड़ान के दौरान घाटी क्षेत्र में अचानक तेज डाउनड्राफ्ट की स्थिति बन गई, जिससे हेलिकॉप्टर के संचालन में कठिनाई आने लगी।
स्थिति को भांपते हुए पायलट कैप्टन अनुपम चौधरी ने एहतियात के तौर पर हेलिकॉप्टर की आपात लैंडिंग कराई। युकाड़ा ने बताया कि कैप्टन अनुपम चौधरी भारतीय वायुसेना के पूर्व पायलट हैं और उनके अनुभव व त्वरित निर्णय से यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकी। प्रारंभिक जांच में हेलिकॉप्टर के बाहरी हिस्से में मामूली क्षति की जानकारी मिली है। हालांकि घटना में कोई यात्री या चालक दल का सदस्य घायल नहीं हुआ।
इसे भी पढ़ें – जाख-डोबरा-भल्डियाना मार्ग पर भूस्खलन, भारी मलबा गिरने से यातायात बंद
युकाड़ा ने बताया कि चारधाम यात्रा के दौरान हेलिकॉप्टर संचालन को सुरक्षित बनाने के लिए मौसम निगरानी प्रणाली, आईएमडी अधिकारियों की तैनाती, ऑटोमेटेड वेदर स्टेशन, पीटीजेड कैमरे और अस्थायी एयर ट्रैफिक कंट्रोल जैसी व्यवस्थाएं पहले से लागू हैं। अधिकारियों के अनुसार घटना के बाद तकनीकी जांच और अन्य नियामकीय प्रक्रियाएं शुरू कर दी गई हैं।
