यमुनोत्री हाईवे पर भारी बारिश का कहर, स्यानाचट्टी में 100 मीटर सड़क बही, हनुमान चट्टी के पास लगातार गिर रहे पत्थर
उत्तरकाशी: लगातार हो रही बारिश ने यमुनोत्री घाटी में जनजीवन और चारधाम यात्रा को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। गुरुवार शाम स्यानाचट्टी के पास यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग का करीब 100 मीटर हिस्सा बह गया, जबकि हनुमान चट्टी के निकट लगातार पहाड़ी से पत्थर और मलबा गिरने के कारण मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया है।
अधिकारियों के अनुसार, भारी बारिश के चलते कई स्थानों पर भूस्खलन हो रहा है और पहाड़ियों से लगातार बोल्डर व मलबा सड़क पर आ रहा है। इससे राजमार्ग की मरम्मत का कार्य प्रभावित हो रहा है और वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद है।
सड़क क्षतिग्रस्त होने से यमुनोत्री धाम जाने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिला प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग की टीमें मौके पर स्थिति की निगरानी कर रही हैं, लेकिन लगातार बारिश और पत्थर गिरने से मरम्मत कार्य में कठिनाई आ रही है।
राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिशासी अभियंता मनोज रावत ने बताया कि लगातार वर्षा और पहाड़ी से मलबा गिरने के कारण सड़क को बहाल करना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। मौसम में सुधार होते ही मरम्मत कार्य में तेजी लाई जाएगी।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं और यात्रियों से अपील की है कि स्थिति सामान्य होने तक यमुनोत्री मार्ग पर अनावश्यक यात्रा से बचें। मानसून के दौरान हिमालयी क्षेत्रों में लगातार हो रहे भूस्खलन और सड़क क्षति ने एक बार फिर चारधाम यात्रा मार्गों की संवेदनशीलता को उजागर किया है।
