बदरीनाथ हेलीपैड विस्तार के लिए भेजा गया 1.4 करोड़ का चेक गायब

बदरीनाथ हेलीपैड विस्तार के लिए भेजा गया 1.4 करोड़ का चेक गायब

बदरीनाथ धाम में हेलीपैड विस्तार कार्य के लिए भेजा गया 1.4 करोड़ रुपये का चेक रहस्यमय तरीके से गायब हो गया है। इस मामले के सामने आने के बाद संबंधित विभागों में हड़कंप मच गया है। चेक उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण द्वारा ग्रामीण निर्माण विभाग गोपेश्वर कार्यालय को पंजीकृत डाक से भेजा गया था, लेकिन अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि रजिस्ट्री किस अधिकारी या कर्मचारी ने प्राप्त की।

यूकाड़ा बदरीनाथ धाम में हेलीपैड विस्तार परियोजना पर कार्य कर रहा है, जबकि निर्माण कार्य ग्रामीण निर्माण विभाग द्वारा कराया जा रहा है। परियोजना की कुल लागत 1.68 करोड़ रुपये है। इसके तहत पहली किस्त के रूप में 1.4 करोड़ रुपये का चेक देहरादून से पंजीकृत डाक के माध्यम से भेजा गया था।

मामले का खुलासा तब हुआ जब ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अला दिया ने निर्माण कार्य के लिए धनराशि जारी करने का अनुरोध किया। इस पर यूकाड़ा अधिकारियों ने बताया कि चेक पहले ही भेजा जा चुका है और विभागीय अभिलेखों में छह अप्रैल को उसकी प्राप्ति दर्ज है।

इसके बाद ग्रामीण निर्माण विभाग कार्यालय में कर्मचारियों से पूछताछ की गई, लेकिन सभी ने रजिस्ट्री लेने से इनकार कर दिया। डाक विभाग के रिकॉर्ड में दर्ज हस्ताक्षरों का मिलान भी कर्मचारियों और अधिकारियों के हस्ताक्षरों से किया गया, लेकिन कोई समानता नहीं मिली।

अधिशासी अभियंता अला दिया ने बताया कि बदरीनाथ हेलीपैड विस्तार कार्य 20 अप्रैल से शुरू हो चुका है। परियोजना के तहत हेलीपैड की चौड़ाई 30 मीटर से बढ़ाकर 45 मीटर की जा रही है ताकि एमआई-17 हेलीकॉप्टरों की लैंडिंग संभव हो सके।

इसे भी पढ़ें – बदरीनाथ हाईवे पर दो सड़क हादसे, कई यात्री घायल, घंटों बाधित रहा यातायात

उन्होंने बताया कि एचडीएफसी बैंक से जांच में यह पुष्टि हुई है कि चेक की धनराशि अब तक निकाली नहीं गई है। बैंक को चेक निरस्त करने के लिए पत्र भेजा गया है, जबकि यूकाड़ा से नया चेक जारी करने का अनुरोध किया गया है।

Saurabh Negi

Share