चमोली में भारी बारिश से सड़कें ठप, कर्णप्रयाग-नैणीसैंण समेत कई मार्ग भूस्खलन से बंद

चमोली में भारी बारिश से सड़कें ठप, कर्णप्रयाग-नैणीसैंण समेत कई मार्ग भूस्खलन से बंद

चमोली: लगातार हो रही भारी बारिश के कारण चमोली जिले में जनजीवन प्रभावित हो गया है। भूस्खलन और मलबा आने से कर्णप्रयाग-नैणीसैंण मोटर मार्ग सहित कई प्रमुख और ग्रामीण सड़कें बंद हो गई हैं, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

अधिकारियों के अनुसार, कर्णप्रयाग-नैणीसैंण मोटर मार्ग के तीसरे किलोमीटर पर पहाड़ी से भारी मलबा और बोल्डर गिरने से करीब 30 मीटर सड़क बह गई, जिसके चलते इस मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। वहीं, धारडुंगरी-मैखुरा-सोनला राज्य मार्ग भी पिछले दो सप्ताह से भूस्खलन के कारण बंद पड़ा है।

सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग ने मलबा हटाने के लिए मशीनें मौके पर भेजीं, लेकिन लगातार हो रहे पत्थर गिरने से जेसीबी संचालकों के लिए काम करना जोखिमभरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह स्थान पिछले दो वर्षों से संवेदनशील बना हुआ है और यहां हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

करीब 24 किलोमीटर लंबे कर्णप्रयाग-नैणीसैंण मार्ग की स्थिति लंबे समय से खराब बनी हुई है। सड़क पर सुरक्षा उपायों की कमी, समय पर रखरखाव नहीं होने और वर्षों से डामरीकरण नहीं होने के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग बंद होने के बाद यातायात को सिमली-डिम्मर मोटर मार्ग से संचालित किया गया। विभाग सड़क बहाल करने के लिए पहाड़ी की कटिंग का कार्य कर रहा है।

कपीरी संघर्ष समिति के अध्यक्ष खिलदेव सिंह ने कहा कि क्षेत्र के लोग सड़क की बदहाल स्थिति और डिम्मर-सिमली मार्ग से किए जा रहे डायवर्जन का लगातार विरोध कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर ग्रामीणों की राय जानने और आगे की रणनीति तय करने के लिए 8 अगस्त को जस्यारा में जनसभा आयोजित की जाएगी।

भारी बारिश के कारण नंदप्रयाग-घाट-सुतोल कनोल और सिमली-सैनू मोटर मार्ग भी प्रभावित हुए हैं। इसके अलावा कर्णप्रयाग-कालूसैंण, आदिबदरी-नौती, मलई गौचर-सिडोली, सुगडबैंड-सिलपाटा, कर्णप्रयाग-नौती, कंसुवा-चांदपुरगढ़ी, बगोली-स्यां और डिम्मर-सिमली मार्गों पर चार से छह घंटे तक यातायात बाधित रहा।

सिमली क्षेत्र में लगातार बारिश से कई संपर्क मार्ग भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं। तातासू-सैन-रायल-बांगड़ी-केलापानी-सुमल्ता मोटर मार्ग रविवार रात से बंद है। कोलाडुंगरी के ग्राम प्रधान सुशील खंडूरी ने बताया कि मार्ग बंद होने से आधा दर्जन से अधिक गांवों के लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

वहीं, तातासू पुल के पास भूस्खलन और पिंडर नदी के कटाव के कारण सिमली-डिम्मर मोटर मार्ग करीब चार घंटे तक बंद रहा। बाद में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) की टीम ने मलबा हटाकर यातायात बहाल किया। हालांकि, इस दौरान पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने से तातासू, विद्यापीठ, शिव मंदिर, न्यू डिम्मर और तौन गांवों की जलापूर्ति भी प्रभावित हुई।

पीएमजीएसवाई के कनिष्ठ अभियंता सुधीर कुमार ने बताया कि लगातार बारिश के कारण क्षेत्र में बार-बार सड़कें बंद हो रही हैं। विभाग की मशीनें लगातार मलबा हटाने में लगी हैं और मौसम सामान्य होते ही स्थायी मरम्मत का कार्य शुरू किया जाएगा।

Saurabh Negi

Share