अवैध खनन का विरोध करने पर व्यक्ति से मारपीट, अपहरण और जान से मारने की धमकी

अवैध खनन का विरोध करने पर व्यक्ति से मारपीट, अपहरण और जान से मारने की धमकी

किच्छा के पुलभट्टा क्षेत्र में अवैध खनन का विरोध करना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। आरोप है कि शिकायत करने पर कुछ लोगों ने उसका अपहरण कर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने पूर्व ग्राम प्रधान, उसके बेटे और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नई बस्ती पुलभट्टा निवासी सलीम अहमद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मंगलवार शाम वह पुलभट्टा स्थित एक मोबाइल दुकान पर गया था। वहां पहले से मौजूद पूर्व ग्राम प्रधान जुम्मा खान और उसका बेटा सोहिल खान उससे गाली-गलौज और धमकी देने लगे।

सलीम के अनुसार विरोध करने पर सोहिल ने कई अन्य लोगों को मौके पर बुला लिया। आरोप है कि सभी ने मिलकर उसे जबरन कार में बैठाया, मारपीट की और पुलभट्टा स्थित एक बार के पास खाली दुकान में ले गए। वहां उससे उसके बेटे जोयाब को बुलाने का दबाव बनाया गया।

पीड़ित ने बताया कि लगातार मारपीट के बावजूद उसने बेटे को बुलाने से इनकार कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे, जिसके बाद उसने बहाना बनाकर किसी तरह वहां से निकलकर अपनी जान बचाई।

सलीम ने यह भी आरोप लगाया कि जुम्मा खान, सोहिल खान और उनके सहयोगी पहले भी उसे धमका चुके हैं। शिकायत के अनुसार आरोपी उत्तर प्रदेश सीमा से सटे क्षेत्र में अवैध खनन में शामिल हैं और ग्रामीण लंबे समय से खनन वाहनों के आवागमन का विरोध कर रहे हैं।

इसे भी पढ़ें – चंपावत में नाबालिग से गैंगरेप, भाजपा पदाधिकारी समेत तीन आरोपी फरार

पुलिस ने जुम्मा खान, सोहिल खान और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी प्रदीप मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

Saurabh Negi

Share