गंगोत्री से केदारनाथ जा रही तीर्थयात्रियों की बस टिहरी में पलटी, पांच श्रद्धालु घायल

गंगोत्री से केदारनाथ जा रही तीर्थयात्रियों की बस टिहरी में पलटी, पांच श्रद्धालु घायल

चारधाम यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं की एक बस सोमवार सुबह टिहरी गढ़वाल जिले में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। ऋषिकेश-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर जौलंगी गांव के पास बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे पांच यात्री घायल हो गए।जानकारी के अनुसार, बस गंगोत्री से केदारनाथ जा रही थी। कंडीखाल और चंबा के बीच एक मोड़ पर चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया। इसके बाद बस सड़क किनारे खड़े एक पिकअप वाहन से टकराई और पलट गई।

बस में कुल 22 लोग सवार थे। इनमें 18 तीर्थयात्री, दो रसोइये, चालक और परिचालक शामिल थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। सभी यात्रियों को सुरक्षित बस से बाहर निकाला गया। दुर्घटना में घायल होने वालों की पहचान नई दिल्ली निवासी सरल देवी (56), हरियाणा निवासी चरण सिंह (73), गुरुग्राम निवासी जयश्री (52), बल्लभगढ़ निवासी ज्योति (37) और हरियाणा निवासी ओम प्रकाश गोयल (65) के रूप में हुई है।

घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल बौराड़ी और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चंबा भेजा गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायल खतरे से बाहर हैं।  कंडीखाल पुलिस चौकी प्रभारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि बस चारधाम यात्रियों को लेकर केदारनाथ जा रही थी। दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

इसे भी पढ़ें – थानो क्षेत्र में अवैध निर्माण के आरोप वाली जामा मस्जिद सील, सुरक्षा के बीच हुई कार्रवाई

बाद में जेसीबी मशीन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को सड़क किनारे हटाया गया, जिससे मार्ग पर यातायात सामान्य किया जा सका। चारधाम यात्रा के दौरान लगातार बढ़ रहे वाहनों के दबाव के बीच यह दुर्घटना यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता की आवश्यकता को भी रेखांकित करती है।

Saurabh Negi

Share