ड्यूटी के समय घर पर मिला जेई, डीएम ने लगाई फटकार; एसई का एक दिन का वेतन रोका
पौड़ी में जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने मंगलवार को जल संस्थान कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय व्यवस्था, शिकायत निस्तारण प्रणाली, अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति और फील्ड कार्यों की स्थिति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने फील्ड में कार्यरत एक जूनियर इंजीनियर (जेई) से वीडियो कॉल के माध्यम से संपर्क किया। जांच में जेई ड्यूटी के समय घर पर मिला, जिस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए उसके खिलाफ तत्काल प्रतिकूल प्रविष्टि जारी करने के निर्देश दिए।
वहीं अधीक्षण अभियंता (एसई) भी कार्यालय से अनुपस्थित पाए गए। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारी का एक दिन का वेतन रोकने और स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने कार्यालय परिसर के बाहर कंट्रोल रूम का फोन नंबर प्रमुखता से प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए, ताकि आम लोगों को शिकायत दर्ज कराने में सुविधा मिल सके।
जिलाधिकारी ने डिस्पैच कक्ष, स्थापना अनुभाग, लेखा अनुभाग, कंप्यूटर अनुभाग और पेयजल शिकायत अनुभाग का भी निरीक्षण किया। उन्होंने शिकायत दर्ज होने से लेकर निस्तारण तक की प्रक्रिया, कर्मचारियों की जिम्मेदारी और निगरानी व्यवस्था की जानकारी ली।
इसे भी पढ़ें – चंद्रबदनी परिसर में उत्तराखंड ओपन यूनिवर्सिटी का दीक्षारंभ कार्यक्रम आयोजित
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी क्षेत्र में शिकायत समाधान के लिए कर्मचारी भेजे जाने पर इसकी सूचना जनप्रतिनिधियों और गांव स्तर के जिम्मेदार लोगों को भी दी जाए। इसके साथ ही कार्यालय परिसर में निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश भी दिए गए।

