बागेश्वर के छनापानी में बकरी बचाने गई महिला पर गुलदार का हमला, पैर में गंभीर चोट

बागेश्वर के छनापानी में बकरी बचाने गई महिला पर गुलदार का हमला, पैर में गंभीर चोट

बागेश्वर जिले के छनापानी क्षेत्र में गुलदार की सक्रियता ने एक बार फिर ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। घर के पास बकरी को बचाने का प्रयास कर रही एक महिला गुलदार के हमले में घायल हो गई, जबकि गुलदार बकरी को उठाकर जंगल की ओर भाग गया।

जानकारी के अनुसार, छनापानी निवासी 40 वर्षीय हेमा देवी पत्नी बचे सिंह ने अपने घर के समीप गुलदार को बकरी पर हमला करते देखा। बकरी को बचाने के लिए वह आगे बढ़ीं, लेकिन इसी दौरान गुलदार के हमले और अचानक पैर फिसलने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना के बाद गुलदार बकरी को शिकार बनाकर जंगल की ओर चला गया। वहीं, परिजन और स्थानीय ग्रामीण घायल महिला को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों के अनुसार, हेमा देवी के पैर में गंभीर चोट आई है और उनका उपचार जारी है।

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से गुलदार की गतिविधियां बढ़ी हुई हैं। उनका आरोप है कि वन विभाग को कई बार इसकी सूचना दी गई, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

इसे भी पढ़ें – देहरादून के अराघर-रिस्पना मार्ग पर बनेगी चार लेन एलिवेटेड सड़क, 183.97 करोड़ रुपये की परियोजना तैयार

ग्रामीणों ने वन विभाग से प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा देने, क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और गुलदार को पकड़ने के लिए तत्काल पिंजरा लगाने की मांग की है। वन विभाग के आरओ श्याम सिंह करायत ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर महिला को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।

Saurabh Negi

Share