केदारनाथ पैदल मार्ग फिर बंद, चिरबासा में मलबा और पत्थर गिरने से यात्रा रोकी

केदारनाथ पैदल मार्ग फिर बंद, चिरबासा में मलबा और पत्थर गिरने से यात्रा रोकी

रुद्रप्रयाग में सोमवार को केदारनाथ पैदल मार्ग एक बार फिर बाधित हो गया। चिरबासा के पास मलबा और पत्थर गिरने के बाद प्रशासन ने सोनप्रयाग और गौरीकुंड से केदारनाथ धाम की ओर श्रद्धालुओं की आवाजाही रोक दी।

केदारनाथ धाम से लौट रहे श्रद्धालुओं को भी एहतियात के तौर पर बीच के पड़ावों पर रोका जा रहा है। बारिश के दौरान दोबारा मलबा और पत्थर गिरने से मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया।

गौरीकुंड से करीब ढाई किलोमीटर दूर चिरबासा के पास सोमवार सुबह से पैदल मार्ग की मरम्मत और सुधार का काम चल रहा था। इस दौरान केदारनाथ से लौट रहे श्रद्धालुओं को प्रभावित हिस्से से सुरक्षित तरीके से पार कराया जा रहा था।

इसी बीच बारिश के कारण चिरबासा में फिर मलबा और पत्थर गिरने लगे। इसके बाद प्रशासन ने सुरक्षा को देखते हुए सोनप्रयाग और गौरीकुंड दोनों स्थानों से केदारनाथ की ओर श्रद्धालुओं की आवाजाही रोक दी।

बारिश के कारण लिया गया फैसला

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि लगातार बारिश के कारण चिरबासा में पैदल मार्ग पर दोबारा मलबा और पत्थर गिरे हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए आगे की आवाजाही रोकने का निर्णय लिया गया है।

प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर रख रही हैं। श्रद्धालुओं से सोनप्रयाग या गौरीकुंड में ही रुकने और मार्ग सुरक्षित घोषित होने तक केदारनाथ की ओर आगे नहीं बढ़ने की अपील की गई है।

प्रशासन के अनुसार, पैदल मार्ग की स्थिति सामान्य होने के बाद ही श्रद्धालुओं की आवाजाही दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया जाएगा।

इस बीच, सोमवार सुबह मौसम सामान्य रहने के दौरान श्रद्धालु हेलीकॉप्टर सेवा के माध्यम से केदारनाथ धाम पहुंच सके।

Saurabh Negi

Share