ऊधम सिंह नगर में हनी ट्रैप मामला दर्ज, महिला पर अर्द्धसैनिक जवान से 10 लाख मांगने का आरोप
ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा क्षेत्र में हनी ट्रैप और वसूली का मामला सामने आया है। अदालत के आदेश पर पुलिस ने तेलंगाना की एक महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामले में अर्द्धसैनिक बल के जवान लक्ष्मणा परिगा ने अदालत में शिकायत दी थी। जवान वर्तमान में खटीमा-नेपाल सीमा के पास तैनात हैं। शिकायत के अनुसार मार्च 2025 में उनकी पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से महिला से हुई थी।
जवान का आरोप है कि कुछ समय बाद महिला उन पर पत्नी को तलाक देकर उससे शादी करने का दबाव बनाने लगी। जब उन्होंने महिला से बातचीत बंद कर दी तो उसने कथित रूप से वीडियो कॉल रिकॉर्डिंग वायरल करने की धमकी दी और ऐसा न करने के बदले 10 लाख रुपये की मांग की।
शिकायत में कहा गया है कि जवान ने पैसे देने से इनकार कर महिला का नंबर ब्लॉक कर दिया। इसके बाद महिला ने उनके विभाग में शिकायत पत्र भेजकर आरोप लगाया कि वर्ष 2023 में तेलंगाना के वारंगल जिले में चुनाव ड्यूटी के दौरान जवान ने उससे संबंध बनाए थे।
जवान ने यह भी आरोप लगाया कि महिला ने विभाग को कानूनी नोटिस भेजकर दबाव बनाने की कोशिश की। उनका कहना है कि उन्हें हनी ट्रैप में फंसाकर धन उगाही का प्रयास किया जा रहा था। पीड़ित जवान के अनुसार उन्होंने 12 दिसंबर 2025 को पुलिस को शिकायत दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने अदालत का दरवाजा खटखटाया, जिस पर कोर्ट ने मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए।
इसे भी पढ़ें – हरिद्वार में सोलानी पुल से नीचे गिरी कार, हादसे में पांच लोग घायल
पुलिस ने अब तेलंगाना के वारंगल जिले के पोचम्मा मैदान क्षेत्र निवासी सैयद अस्मा यासमीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। झनकईया थानाध्यक्ष देवेंद्र गौरव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

