बदरीनाथ और केदारनाथ पहुंचे मुकेश अंबानी, मंदिर समिति को दिए 10 करोड़ रुपये
चमोली – रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष एवं उद्योगपति Mukesh Ambani ने सोमवार को बदरीनाथ धाम और केदारनाथ धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने देश की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौर के अनुसार, मुकेश अंबानी ने सुबह सबसे पहले Badrinath Temple में दर्शन किए। मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया और उन्हें प्रसाद भेंट किया।
दर्शन के दौरान मुकेश अंबानी ने बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति को कुल 10 करोड़ रुपये का दान दिया। इसमें 5 करोड़ रुपये बदरीनाथ धाम में विकास और व्यवस्थाओं के लिए तथा 5 करोड़ रुपये Kedarnath Temple में विकास कार्यों के लिए प्रदान किए गए हैं।
मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि अंबानी परिवार की भगवान बदरीविशाल और बाबा केदारनाथ में गहरी आस्था है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्षों की तरह इस वर्ष भी मुकेश अंबानी ने 10 करोड़ रुपये का सहयोग देकर मंदिरों के विकास और व्यवस्थाओं में योगदान दिया है।
इसे भी पढ़ें – नरेंद्रनगर नगर पालिका चुनाव में भाजपा को चार, कांग्रेस को तीन वार्डों में जीत
मंदिर समिति ने इस सहयोग के लिए मुकेश अंबानी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रंगड़ सहित कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
