जून के दूसरे सप्ताहांत में पर्यटकों से गुलजार रही मसूरी, जाम से जूझते रहे लोग
देहरादून – मैदानी क्षेत्रों में बढ़ती गर्मी से राहत पाने के लिए जून के दूसरे सप्ताहांत पर बड़ी संख्या में पर्यटक मसूरी पहुंचे। इसके चलते पहाड़ों की रानी मसूरी में शनिवार और रविवार को भारी भीड़ देखने को मिली। होटल, गेस्ट हाउस और रेस्तरां लगभग पूरी क्षमता के साथ संचालित होते रहे।
मॉल रोड, स्थानीय बाजारों और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर दिनभर पर्यटकों की चहल-पहल बनी रही। लाइब्रेरी चौक से गांधी चौक तक शाम के समय लगातार भीड़ रही। कुलड़ी बाजार, चार दुकान और लाल टिब्बा जैसे लोकप्रिय स्थलों पर भी देर रात तक पर्यटकों की आवाजाही जारी रही।
कैंपटी फॉल, भट्टा फॉल, जॉर्ज एवरेस्ट, गन हिल, कंपनी गार्डन, सुरकंडा देवी, धनोल्टी, बुरांशखंडा और दूधली-भदराज क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे। लगातार वाहनों के पहुंचने से कई स्थानों पर पार्किंग स्थल पूरी तरह भर गए।
पर्यटकों की बढ़ती संख्या से स्थानीय पर्यटन कारोबार को भी फायदा मिला। होटल और गेस्ट हाउस संचालकों के अनुसार शनिवार को कई प्रतिष्ठानों में शत-प्रतिशत कमरे भरे रहे, जबकि रविवार शाम तक भी 80 से 90 प्रतिशत तक बुकिंग दर्ज की गई।
मसूरी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि पर्यटन सीजन अपेक्षा के अनुरूप चल रहा है। मौसम अनुकूल रहने पर आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या और बढ़ सकती है।
हालांकि पर्यटकों की भीड़ से व्यापार में तेजी आई, लेकिन यातायात व्यवस्था पर दबाव भी बढ़ गया। किंगक्रेग-लाइब्रेरी चौक, जीरो प्वाइंट, अंबेडकर चौक, गांधी चौक और पिक्चर पैलेस सहित कई प्रमुख स्थानों पर लंबे समय तक जाम की स्थिति बनी रही।
इसे भी पढ़ें – बदरीनाथ और केदारनाथ पहुंचे मुकेश अंबानी, मंदिर समिति को दिए 10 करोड़ रुपये
मसूरी-धनोल्टी मार्ग पर भी वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। स्कूलों की छुट्टियों और मैदानी इलाकों में बढ़ती गर्मी को देखते हुए आने वाले सप्ताहों में भी पर्यटकों की संख्या अधिक रहने की संभावना है, जिससे यातायात और पार्किंग व्यवस्था प्रशासन के लिए चुनौती बनी रह सकती है।
