ऋषिकेश में किन्नर समुदाय ‘बधाई’ के नाम पर 2100 रुपये से अधिक नहीं मांग सकेगा, नगर निगम बैठक में प्रस्ताव पास

ऋषिकेश में किन्नर समुदाय ‘बधाई’ के नाम पर 2100 रुपये से अधिक नहीं मांग सकेगा, नगर निगम बैठक में प्रस्ताव पास

ऋषिकेश नगर निगम की बैठक में किन्नर समुदाय द्वारा विवाह, बच्चे के जन्म और अन्य शुभ अवसरों पर ली जाने वाली ‘बधाई’ को लेकर महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किया गया। नगर निगम ने तय किया है कि शहर में किन्नर समुदाय अब 2100 रुपये से अधिक की मांग नहीं कर सकेगा।

यह प्रस्ताव पार्षद अभिनव सिंह मलिक द्वारा बैठक में रखा गया था, जिसे सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। बैठक में कहा गया कि लगातार ऐसी शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ लोग बधाई के नाम पर अधिक धनराशि मांगते हैं। मांग पूरी नहीं होने पर कई बार विवाद, बहस और झगड़े जैसी स्थिति भी बन जाती थी।

नगर निगम बैठक में पार्षदों के भत्तों का मुद्दा भी उठा। निगम प्रशासन ने बताया कि भत्तों से जुड़ी फाइल राज्य सरकार को भेजी जाएगी और स्वीकृति मिलने के बाद भुगतान शुरू किया जाएगा।

बैठक के दौरान 40 पार्षदों के लिए पर्याप्त बैठने की व्यवस्था नहीं होने पर कुछ पार्षदों ने विरोध भी किया। बाद में अतिरिक्त कुर्सियों की व्यवस्था होने के बाद उन्होंने बैठक में हिस्सा लिया।

पार्षद लव कम्बोज ने सीमा डेंटल क्षेत्र के 44 फड़ व्यापारियों को 21-21 हजार रुपये की तहबाजारी वसूली के नोटिस भेजे जाने का भी विरोध किया। उन्होंने कहा कि निगम को नियमित रूप से शुल्क लेना चाहिए था, एक साथ इतनी बड़ी राशि मांगना उचित नहीं है।

इसे भी पढ़ें – उत्तराखंड में मई में भी ठंडक बरकरार, बदले मौसम चक्र से सामान्य से नीचे रहा तापमान

बैठक में आवारा पशुओं को गौशालाओं में भेजने, बढ़ती आवारा कुत्तों की समस्या, खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत और विभिन्न क्षेत्रों की सड़कों के सुधार जैसे मुद्दों पर भी चर्चा की गई।

Saurabh Negi

Share