उत्तराखंड में मई में भी ठंडक बरकरार, बदले मौसम चक्र से सामान्य से नीचे रहा तापमान
उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश, ऊंचाई वाले हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी और तेज हवाओं के कारण मई महीने में भी मौसम सामान्य से ठंडा बना हुआ है। प्रदेशभर में तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया जा रहा है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
दिनभर बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने से धूप का असर कम रहा। वहीं सुबह और शाम के समय हल्की ठंड भी महसूस की जा रही है, जिसे इस मौसम के लिए असामान्य माना जा रहा है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यह बदलाव बदलते मौसम चक्र से जुड़ा हुआ है, जिसका असर पिछले दो वर्षों में अधिक दिखाई देने लगा है। पिछले वर्ष मई के शुरुआती दिनों में भी इसी तरह बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में अधिक बढ़ोतरी नहीं हुई थी।
इस बार मौसम का असर केवल पर्वतीय जिलों तक सीमित नहीं है, बल्कि मैदानी क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से कम बना हुआ है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार देहरादून में अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री कम रहा। हालांकि न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अन्य मैदानी क्षेत्रों में भी इसी तरह का मौसम दर्ज किया गया। वहीं पर्वतीय इलाकों में तापमान औसत से काफी नीचे बना हुआ है।
इसे भी पढ़ें – पिथौरागढ़ में भारी बारिश से बीसा बाजार मार्ग पर भूस्खलन, कई वाहन फंसे
मौसम वैज्ञानिकों ने आने वाले दिनों में भी इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना जताई है। उनका कहना है कि अगले दो से तीन दिनों में अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आ सकती है।

