टिहरी में निजी स्कूल संचालिका के घर तोड़फोड़ और आगजनी मामले में चार पर मुकदमा दर्ज

टिहरी में निजी स्कूल संचालिका के घर तोड़फोड़ और आगजनी मामले में चार पर मुकदमा दर्ज

नई टिहरी के लंबगांव क्षेत्र में निजी स्कूल संचालिका के घर पर हमला, तोड़फोड़ और आगजनी के मामले में पुलिस ने ग्राम प्रधान समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार लंबगांव निवासी रोबिना ने शिकायत में बताया कि वह पिछले 15 वर्षों से प्रतापनगर क्षेत्र में स्कूल संचालित कर रही हैं। उनका आरोप है कि कुछ स्थानीय लोग उन्हें उनके ईसाई धर्म को लेकर निशाना बना रहे थे।

शिकायत में कहा गया है कि 24 अप्रैल की रात कुछ लोगों ने उनके घर पर हमला किया, घरेलू सामान बाहर फेंक दिया और उसमें आग लगा दी। घटना में कीमती सामान और महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर नष्ट हो गए। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि हमले के दौरान उनके साथ मारपीट और अभद्रता की गई। मामले में लंबगांव पुलिस ने शनिवार को कांडा गांव के प्रधान मनीष चौहान, मनोज चौहान, ज्ञान सिंह पंवार और दरमियान सिंह पंवार के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है।

इसे भी पढ़ें – यमुनोत्री पैदल मार्ग पर बुजुर्ग तीर्थयात्री की हार्ट अटैक से मौत

लंबगांव थानाध्यक्ष महिपाल सिंह रावत ने बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद घटना से जुड़े सभी तथ्य स्पष्ट हो जाएंगे।

Saurabh Negi

Share