यमुनोत्री पैदल मार्ग पर बुजुर्ग तीर्थयात्री की हार्ट अटैक से मौत
यमुनोत्री धाम यात्रा मार्ग पर शनिवार को तमिलनाडु से आए एक बुजुर्ग तीर्थयात्री की हार्ट अटैक से मौत हो गई। घटना नौ कैंची के पास उस समय हुई, जब श्रद्धालु दर्शन कर वापस लौट रहे थे।
अधिकारियों के अनुसार मृतक की पहचान 82 वर्षीय शंभू केवल के रूप में हुई है। बताया गया कि यात्रा मार्ग पर अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्होंने सीने में दर्द व घबराहट की शिकायत की। कुछ ही देर बाद वह बेहोश होकर गिर पड़े।
यात्रा ड्यूटी में तैनात स्वास्थ्यकर्मियों और कर्मचारियों ने तुरंत प्राथमिक उपचार देकर उन्हें जानकीचट्टी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. अखिल राणा ने बताया कि बुजुर्ग तीर्थयात्री की मौत हार्ट अटैक के कारण हुई है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार इस यात्रा सत्र में अब तक यमुनोत्री यात्रा के दौरान तीन तीर्थयात्रियों की मौत हो चुकी है। अधिकांश मामलों में हार्ट अटैक और अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने को कारण बताया गया है।
प्रशासन का कहना है कि बढ़ती भीड़, कठिन पैदल मार्ग और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कम ऑक्सीजन स्तर बुजुर्ग यात्रियों के लिए स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियां बढ़ा रहे हैं।
इसे भी पढ़ें – आईआईटी रुड़की के अध्ययन में बड़ा खुलासा, उत्तराखंड के 85 प्रतिशत जिले बाढ़ जोखिम में
प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों और पहले से बीमार लोगों को यात्रा से पहले स्वास्थ्य जांच कराने, पर्याप्त आराम करने और सावधानी बरतने की सलाह दी है। आपात स्थिति से निपटने के लिए यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य शिविर और मेडिकल टीमें भी तैनात की गई हैं।

